महराजगंज। जनपद के नौतनवा थाना क्षेत्र के सिसवा उर्फ खोरिया गांव स्थित एक प्राचीन शिव मंदिर में बीती रात आपत्तिजनक वस्तु फेंके जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद कुछ समय के लिए गांव में तनाव की स्थिति भी बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक किशोर को देर रात मंदिर परिसर के आसपास संदिग्ध हालत में देखा गया। उसकी गतिविधियों पर शक होने पर स्थानीय लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने मंदिर परिसर की सफाई कराई और लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की।
मामले में मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने एक किशोर को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी पुरुषोत्तम राव ने बताया कि घटना की जांच जारी है और एहतियातन क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन ने भी लोगों से अफवाहों से दूर रहने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।









