वाराणसी। वन महोत्सव सप्ताह के शुभारंभ पर बुधवार को अखरी स्थित वीएनएस महिला महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘एक विद्यार्थी–एक पौधा’ अभियान के तहत छात्राओं, शिक्षकों और वन विभाग के अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन संरक्षक रवि कुमार सिंह और प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) निधि चौहान ने पौधरोपण कर वन महोत्सव सप्ताह का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर वन संरक्षक ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण समय की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने की भी अपील की।
डीएफओ निधि चौहान ने छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसके वृक्ष बनने तक संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। वहीं कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे पर्यावरण ऋषि अनिल कुमार सिंह ने कहा कि हर व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो हरित वातावरण का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण विषय पर जागरूकता रैली निकाली गई। साथ ही भाषण, कविता और पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने “पेड़ लगाएंगे, पेड़ बचाएंगे और धरती को हरा-भरा बनाएंगे” का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रबंधक संदीप सिंह, एचएसएसएफ संयोजक मनोज कुमार, डिप्टी रेंजर राजकुमार गौतम, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं तथा वन विभाग के अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।









