वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र में हुई बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। चौक पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में हत्या में इस्तेमाल की गई अवैध पिस्टल और दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार सोमवार तड़के अज्ञात हमलावरों ने घर के बाहर सो रहे 60 वर्षीय राजन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। मृतक की पत्नी की तहरीर पर थाना चौक में मुकदमा संख्या 0102/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया।
एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष टीमों का गठन किया गया। सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में विशाल भारती उर्फ जानू (20 वर्ष), विकास विश्वकर्मा उर्फ सोनू (24 वर्ष), सुजीत वाल्मीकि (19 वर्ष) और कृष्णा वाल्मीकि (18 वर्ष) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध .32 बोर की देशी पिस्टल, एक टीवीएस अपाचे और एक बजाज पल्सर आरएस-200 मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि इन वाहनों का इस्तेमाल घटना को अंजाम देने और मौके से फरार होने के लिए किया गया था।
यह पूरी कार्रवाई थाना चौक प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में चौक पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने की। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई को देखते हुए पुलिस उपायुक्त काशी जोन ने पूरी टीम को 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां हत्या के पीछे की वजह, आपसी रंजिश, पुराने विवाद और अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।













