लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 28 जून तक लू का प्रकोप जारी रह सकता है, लेकिन 29 जून से मौसम का रुख बदलना शुरू होगा। इसके बाद तापमान में 8 से 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होने की संभावना है, जबकि 30 जून से प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर प्रदेश में प्रवेश के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो चुकी हैं। अगले तीन से चार दिनों में मानसून प्रदेश में दस्तक दे सकता है। इसके बाद वर्षा की गतिविधियां तेज होंगी और लोगों को भीषण गर्मी व लू से राहत मिलने लगेगी।
शुक्रवार को राजधानी लखनऊ सहित बांदा, गाजीपुर, बलिया, सुल्तानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, सोनभद्र, अलीगढ़, बरेली, शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद में लू का व्यापक असर देखने को मिला। वहीं लखीमपुर खीरी, बाराबंकी और बहराइच में तीव्र लू ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।
तापमान के लिहाज से लखीमपुर खीरी 43.2 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का दूसरा सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि हरियाणा के रोहतक में सर्वाधिक 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बांदा और आगरा में पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि लखनऊ में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। फतेहगढ़, अलीगढ़ और कानपुर में भी अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को लखनऊ देश का पांचवां सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री और न्यूनतम 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 6.3 और 4 डिग्री अधिक रहा। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित रहा।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि अगले दो दिनों तक दोपहर के समय अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें तथा बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें। विभाग का कहना है कि 30 जून से बारिश की गतिविधियां बढ़ने के साथ प्रदेश में लू का असर काफी हद तक समाप्त हो जाएगा।













