वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने वाराणसी दौरे के दौरान काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विधिवत दर्शन-पूजन किया। उन्होंने सबसे पहले काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दरबार में मत्था टेका और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे, जहां मंत्रोच्चार के बीच अर्चकों द्वारा कराए गए षोडशोपचार पूजन में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ की आराधना की। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
धार्मिक कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री बड़ा लालपुर स्थित चांदमारी क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने राजीव कृष्ण के आवास पर आयोजित विवाह समारोह में भाग लिया। उन्होंने नवविवाहित दंपति को आशीर्वाद दिया और परिवार के सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री के इस दौरे में शासन और प्रशासन के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें अनिल राजभर, रविंद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, धर्मेंद्र सिंह, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव और डॉ. अवधेश सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहे।









