वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र में युवती को शादी के लिए कथित रूप से दबाव बनाने और आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, युवती के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक युवक लगातार उनकी पुत्री पर विवाह का दबाव बना रहा था। विवाह से इंकार करने पर वह उसे धमकियां देता था। परिजनों का आरोप है कि मानसिक प्रताड़ना और लगातार दबाव के चलते युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मामले की जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने नूर नगर कब्रिस्तान के पास से आरोपी अनुकेश तिवारी उर्फ हर्ष तिवारी (19) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी भेलूपुर थाना क्षेत्र के खोजवां इलाके का निवासी बताया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह, खोजवा चौकी प्रभारी मनोज कुमार चौहान सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने भी त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस की सराहना की है।













