चंदौली। पड़ाव क्षेत्र के सेमरा गांव में गंगा किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मामला मुगलसराय थाना अंतर्गत जलीलपुर चौकी क्षेत्र का है, जहां मंगलवार को स्थानीय लोगों ने बबूल के पेड़ से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटका शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। युवक के दाहिने हाथ पर “चिनाम्मा” नाम का टैटू बना हुआ है, जिसके आधार पर उसकी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक ने फिरोजी रंग की टी-शर्ट और लाल रंग का हाफ पैंट पहन रखा था। उसके पास एक काला बैग मिला, जिसमें कुछ कपड़े रखे थे। दाहिने हाथ में सफेद धातु का कड़ा और गले में चेन भी पाई गई, लेकिन कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला।
प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि युवक किसी अन्य राज्य का निवासी हो सकता है और संभवतः वाराणसी में किसी लॉज या होटल में कार्य करता रहा हो। शरीर पर अन्य चोट के निशान नहीं मिलने से आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और शव की शिनाख्त कराने के प्रयास जारी हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।









