रायगढ़। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां ग्राम सोनबरसा के पास अर्टिगा कार और पल्सर बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्टिगा कार (CG04QD3365) और पल्सर बाइक (CG13BC4259) के बीच यह टक्कर तेज रफ्तार के चलते हुई। बाइक पर तीन युवक सवार थे, जो टक्कर के बाद सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में दो लोग सवार बताए जा रहे हैं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एम्बुलेंस को सूचना दी और घायलों को प्राथमिक मदद पहुंचाई। इसके बाद तीनों घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद कुछ समय तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल घायलों की पहचान और दुर्घटना के सटीक कारणों की जानकारी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आगे की अपडेट का इंतजार किया जा रहा है।









