रायपुर। विकसित भारत–जी राम जी योजना के तहत कार्यों की गुणवत्ता और मैदानी क्रियान्वयन बेहतर बनाने के लिए निमोरा स्थित ठाकुर प्यारेलाल सिंह राज्य ग्रामीण विकास संस्थान में तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह समीक्षा कार्यशाला शुरू हुई। आयुक्त वीबी–जीरामजी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में प्रदेश के सभी 33 जिलों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे।
शुभारंभ पर सिन्हा ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण और स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण जरूरी है। उन्होंने कार्यों के चयन में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ाने तथा जलवायु अनुकूल कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
सिन्हा ने बताया कि छत्तीसगढ़ में योजना के अंतर्गत आजीविका डबरी, कंटूर ट्रेंच, बालिका शौचालय और मुक्तिधाम शेड जैसे कार्य प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं। उनके अनुसार, इनसे ग्रामीणों को रोजगार मिलने के साथ गांवों में उपयोगी और टिकाऊ सुविधाएं विकसित हो रही हैं।
पहले दिन भारत सरकार के प्रतिनिधि के रूप में शामिल विशेषज्ञ ने विकसित ग्राम पंचायत योजना तैयार करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया। प्रतिभागियों को तकनीकी मार्गदर्शिका, 375 प्रकार के अनुमेय कार्यों की सूची तथा विकसित ग्राम पंचायत योजना, धार-अपार और सुघ्घर बारी से संबंधित पुस्तिकाएं वितरित की गईं। विभिन्न जिलों के प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव और बेहतर कार्यप्रणालियां भी साझा कीं।
कार्यशाला 12 से 14 नवंबर तक चलेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहले दिन 12 जिलों, दूसरे दिन 11 जिलों और अंतिम दिन 10 जिलों के प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें कार्यपालन अभियंता आरईएस, सहायक परियोजना अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी और योजना से जुड़े अन्य अधिकारी शामिल हैं।
प्रशिक्षण में योजना के प्रावधानों, तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं और मैदानी चुनौतियों पर चर्चा होगी। अधिकारियों को कार्यों की निगरानी, गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन बेहतर बनाने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
















