, ,

स्कूल के खेल मैदान पर कब्जे की कोशिश, बाउंड्री तोड़ने पर ग्रामीणों में आक्रोश

वाराणसी। चोलापुर विकासखंड के बेनीपुर कला गांव में प्राथमिक विद्यालय की जमीन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने कुछ लोगों पर विद्यालय की बाउंड्रीवॉल तोड़कर निजी रास्ता बनाने और बच्चों के खेल मैदान पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया है। विरोध जताते हुए ग्रामीणों ने खंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा और 48 घंटे के भीतर कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ लोगों ने निजी आवागमन का रास्ता बनाने के लिए विद्यालय की बाउंड्रीवॉल को क्षतिग्रस्त कर दिया। जिस जमीन का इस्तेमाल बच्चे खेलकूद और विद्यालय की अन्य गतिविधियों के लिए करते हैं, वहां भी कब्जे की कोशिश की जा रही है। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला।

मामले को लेकर ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल खंड शिक्षा अधिकारी से मिला और ज्ञापन देकर विद्यालय की जमीन से अतिक्रमण हटवाने की मांग की। साथ ही क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवॉल की मरम्मत कराने और कथित रूप से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन करेंगे और व्यापक आंदोलन शुरू करेंगे। उनका कहना है कि विद्यालय की जमीन बच्चों के खेलकूद और शिक्षा से जुड़ी है। सरकारी स्कूल की संपत्ति पर कब्जे की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!