रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी में सरकारी राशि के बड़े गबन का मामला सामने आया है। रवेली और मरका विद्युत वितरण केंद्रों में तैनात रहे कर्मचारी मनोज साहू पर 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये की रकम बैंक में जमा नहीं करने का आरोप है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मनोज साहू सहायक ग्रेड-03 के पद पर कार्यरत था। उसे दोनों वितरण केंद्रों में बिजली बिल से प्राप्त राजस्व को बैंक खाते में जमा कराने की जिम्मेदारी दी गई थी। आरोप है कि वर्ष 2019-20 से 2022-23 के बीच उसने इस राशि को बैंक में जमा करने के बजाय अपने पास रखा। रवेली केंद्र में तैनाती के दौरान 3 करोड़ 17 लाख 90 हजार 699 रुपये और मरका केंद्र में कार्यभार संभालने के दौरान 1 करोड़ 12 लाख 69 हजार 171 रुपये जमा नहीं कराए गए। दोनों केंद्रों की रकम मिलाकर गबन की राशि 4.30 करोड़ रुपये से अधिक हो गई।
वित्तीय गड़बड़ी का पता विद्युत वितरण कंपनी के खातों के ऑडिट के दौरान चला। इसके बाद रवेली केंद्र के सहायक अभियंता सुनील कुमार गुप्ता ने पिपरिया थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। आगे की जांच में मरका केंद्र के सहायक अभियंता संदीप कुमार सोनी ने भी आरोपी के खिलाफ शिकायत सौंपी। पुलिस ने दोनों शिकायतों को जांच में शामिल कर वित्तीय लेनदेन से जुड़े साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान पुलिस ने मनोज साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने राशि का गबन करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अब गबन की गई रकम की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।












