वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी चौराहे स्थित श्लोक हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान एक महिला की मौत के बाद विवाद खड़ा हो गया। घटना से नाराज परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों व प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
मृतका की पहचान सुमन सोनकर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, उन्हें सोमवार दोपहर प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार भोर में चिकित्सकों ने परिवार को उनकी मौत की जानकारी दी। यह खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और अस्पताल में तनाव की स्थिति बन गई।
आक्रोशित परिवार ने अस्पताल परिसर में विरोध जताते हुए पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इस दौरान परिजन शनि सोनकर ने आरोप लगाया कि इलाज में लापरवाही के चलते महिला की जान गई। दूसरी ओर अस्पताल प्रबंधक पीएन यादव ने इन आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि ऑपरेशन के करीब सात घंटे बाद महिला को हार्ट अटैक आया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।
फिलहाल महिला की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।












