, ,

नव मतदाताओं से लोकतंत्र मजबूत करने की अपील, छात्राओं को दिलाया पंजीकरण का संदेश

वाराणसी। आर्य महिला पीजी कॉलेज परिसर में बुधवार को नव मतदाता जागरूकता अभियान 2027 के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। आर्य महिला हितकारिणी महापरिषद के चार शिक्षण संस्थानों के संयुक्त आयोजन में छात्राओं को मतदान के अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भागीदारी का महत्व समझाया गया। साथ ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता नई दिल्ली नगर निगम के उपाध्यक्ष एवं नमो ऐप के राष्ट्रीय संयोजक कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती देने में युवा मतदाताओं की भूमिका निर्णायक है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए युवाओं के साथ बेटियों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। छात्राओं से मतदाता सूची में पंजीकरण कराने की अपील करते हुए उन्होंने आत्मविश्वास और आत्मप्रतिबद्धता को जिम्मेदार नागरिक बनने का आधार बताया।

भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने छात्राओं को बेटियों के हित में संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने वर्ष 2014 से पहले और उसके बाद के सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक तथा आर्थिक हालात का तुलनात्मक अध्ययन करने की बात कही। उनके अनुसार, देश में आए बदलावों को समझकर छात्राएं विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका बेहतर ढंग से निभा सकती हैं।

भाजपा महानगर महामंत्री पूजा दीक्षित ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी देश की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण है। पहली बार मतदाता बनने जा रही छात्राओं को अपने मताधिकार का महत्व समझना चाहिए और मतदान को नागरिक जिम्मेदारी के तौर पर अपनाना चाहिए। जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की नींव होते हैं।

इस अवसर पर भाजपा वाराणसी महानगर उपाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रचना दुबे, आर्य महिला इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. प्रतिभा यादव और आर्य महिला नागरमल मुरारका मॉडल स्कूल की प्रधानाचार्या अंजना दीक्षित मंच पर मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं का नव मतदाता के रूप में पंजीकरण भी कराया गया।

कार्यक्रम का संयोजन भाजपा महानगर महामंत्री पूजा दीक्षित ने किया और संचालन सपना सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन के बाद आयोजन का समापन हुआ।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

 

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!