,

पुलिस ध्वज जवानों को सेवा और समर्पण की प्रेरणा देता है: योगी

लखनऊ। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को उत्तर प्रदेश पुलिस के सभी जवानों और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचकर उन्हें पुलिस कलर (फ्लैग पिन) लगाया और स्मृति चिह्न भेंट किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस ध्वज कर्तव्यनिष्ठा, अदम्य साहस, अनुशासन और जनसेवा के प्रति अटूट संकल्प का गौरवशाली प्रतीक है। पुलिस झंडा दिवस पुलिस बल की समृद्ध परंपरा, त्याग, बलिदान और अनुशासन की भावना को याद करने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि पुलिस ध्वज प्रत्येक जवान को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। यह समाज में विश्वास और सुरक्षा की भावना को भी मजबूत करता है। उत्तर प्रदेश पुलिस के जवानों ने अपने साहस, कर्तव्यपरायणता और समर्पण से ध्वज की गरिमा को हमेशा बनाए रखा है।

मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश, आईपीएस सुनील इमैनुअल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

ब्यूरो प्रमुख- लखनऊ

Follow us

error: Content is protected !!