चंदौली। केजी नंदा हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मरीज के परिजन के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, बरथरा गांव निवासी युवक अपनी रिश्तेदार का इलाज कराने के लिए अस्पताल पहुंचा था। इसी दौरान अस्पताल में मौजूद गार्ड ने उसके साथ कथित रूप से मारपीट कर दी। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने इस संबंध में डॉक्टर से शिकायत की, तो डॉक्टर ने भी उल्टा उसे धमकाते हुए अभद्र व्यवहार किया।
घटना से आहत युवक अपनी शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा, लेकिन उस समय अधिकारी के मौजूद न होने पर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे कोतवाली में तहरीर देने की सलाह दी। इसके बाद युवक कोतवाली पहुंचा और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।









