मिर्जापुर। जिले के कछवां कस्बे में पुलिस चेकिंग के बीच बाइक चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुख्य बाजार स्थित राज मेडिकल के सामने खड़ी भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष की मोटरसाइकिल को अज्ञात चोर महज 10 मिनट के भीतर चोरी कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष अपनी बाइक दुकान के बाहर खड़ी कर आवश्यक कार्य से अंदर गए थे। इसी दौरान चोर मौके का फायदा उठाकर बाइक लेकर फरार हो गए। घटना ऐसे समय हुई जब आसपास पुलिस की चेकिंग भी चल रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। पुलिस संदिग्धों की पहचान कर चोरी गई बाइक की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
पीड़ित भाजपा नेता ने पुलिस से बाइक जल्द बरामद करने और चोरी में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से कछवां बाजार के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। लोगों ने बाजार क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।









