वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में दोपहर करीब 1:30 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार बोलेरो ने 11 हजार केवी लाइन के ट्रांसफार्मर लगे खंभे में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि खंभा जमीन से उखड़कर करीब चार फीट तक खिसक गया और तेज धमाके की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए।
जानकारी के अनुसार महिंद्रा बोलेरो (UP60 AL 4771), जिस पर ‘पुलिस’ लिखा हुआ था, उसे 12 से 14 साल का नाबालिग चला रहा था। गाड़ी में कुल तीन बच्चे सवार थे, जिनमें से दो मौके से फरार हो गए, जबकि स्थानीय लोगों ने चालक को गाड़ी समेत पकड़ लिया।
हादसे में ट्रांसफार्मर का खंभा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे पूरी कॉलोनी की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। भीषण गर्मी के बीच करीब 20 हजार की आबादी बिजली संकट से जूझने को मजबूर हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि तार टूट जाता तो हजारों लोग करंट की चपेट में आ सकते थे और बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाबालिग चालक अक्सर कॉलोनी में तेज रफ्तार से गाड़ी चलाता देखा जाता था। घटना के बाद लोगों ने तुरंत डायल 112 और बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों ने मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की, लेकिन आरोप है कि नाबालिग के परिजन पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों से अलग बात कर मामले को ‘मैनेज’ करने की कोशिश करते नजर आए। वहीं थाने से मिली जानकारी के अनुसार अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, जिसके कारण कार्रवाई नहीं हो सकी है।
पुलिस नाबालिग चालक, उसके परिवार और वाहन को अपने साथ थाने ले गई है। उधर, बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क नहीं हो पाने से लोगों में आक्रोश और बढ़ गया है। गर्मी में बिजली कटौती से परेशान कॉलोनीवासियों ने जल्द से जल्द बिजली बहाल करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।













