,

28 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा के पास रखी दान पेटी का ताला तोड़कर नकदी चोरी

चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के रमरजाय चट्टी में चोरों ने 28 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा के पास रखी दान पेटी को निशाना बनाया। बीती रात दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे रुपये चोरी कर लिए गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके से मिली एक साइकिल और मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

सुबह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे लोगों की नजर दान पेटी पर पड़ी तो उसका ताला टूटा मिला। इसके बाद तत्काल धानापुर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आसपास के साक्ष्य जुटाने शुरू किए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रात में होने वाली पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि रमरजाय चट्टी पर रात के समय पुलिस का पहरा रहता है, इसके बावजूद चोर वारदात को अंजाम देकर निकल गए। लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले अंग्रेजी शराब और बीयर की कंपोजिट दुकान में भी चोरी हुई थी, लेकिन अब तक उस मामले का खुलासा नहीं हो सका है। क्षेत्र में चोरी की अन्य घटनाओं के लंबित रहने से भी लोगों में नाराजगी है।

इधर, घटनास्थल के पास एक साइकिल और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। ग्रामीणों को आशंका है कि ये सामान चोरी में शामिल व्यक्ति का हो सकता है। पुलिस ने दोनों वस्तुओं को कब्जे में लेकर उनके मालिक की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी संजय ओझा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मौके से मिले मोबाइल और साइकिल के मालिक को बुलाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।

ब्यूरो प्रमुख- चंदौली

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!