नई दिल्ली। लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने और परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर दक्षिण भारत के राज्यों ने अपनी चिंता जाहिर करनी शुरू कर दी है। इसी मुद्दे पर केरल, कर्नाटक और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रविवार को दिल्ली में एक साथ बैठेंगे। बैठक का मुख्य एजेंडा यह तय करना है कि प्रस्तावित परिसीमन के बाद संसद में दक्षिणी राज्यों की मौजूदा राजनीतिक भागीदारी किस तरह सुरक्षित रखी जाए।
इस बैठक में केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के शामिल होने की बात कही गई है। तीनों राज्यों का तर्क है कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए किए गए प्रयासों के बावजूद यदि परिसीमन में केवल आबादी को आधार बनाया गया तो संसद में उनका प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है।
दरअसल, केंद्र सरकार ने संविधान (132वां संशोधन) विधेयक और परिसीमन विधेयक को मंजूरी दी है। इसके तहत लोकसभा की अधिकतम सीटें 850 और राज्य विधानसभाओं की सदस्य संख्या 650 तक किए जाने का प्रस्ताव है। इसी विधायी प्रक्रिया के जरिए संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की भी तैयारी है। लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों के मुकाबले प्रस्तावित बढ़ोतरी को लेकर राजनीतिक दलों के बीच बहस तेज हो गई है।
इस मुद्दे पर दलों के बीच सहमति नहीं बन पाई है। तमिलनाडु की डीएमके ने प्रस्ताव का समर्थन करते हुए सीटों में संभावित बढ़ोतरी का जिक्र किया है। पार्टी नेता ए. राजा के अनुसार, तमिलनाडु की लोकसभा सीटें 39 से बढ़कर 51 हो सकती हैं। तेलंगाना की बीआरएस ने भी प्रस्ताव का समर्थन किया है, लेकिन दक्षिणी राज्यों के प्रतिनिधित्व के साथ न्याय सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। शिंदे गुट की शिवसेना ने विधेयकों के पक्ष में फैसला लिया है, जबकि एनसीपी (शरदचंद्र पवार) ने सीटों में समान आधार पर बढ़ोतरी की शर्त रखी है।
वहीं, कांग्रेस के नेतृत्व वाला इंडिया गठबंधन इन विधेयकों के विरोध में है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में हुई विपक्षी दलों की बैठक में कहा गया कि महिला आरक्षण को लागू करने के लिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों में ही व्यवस्था की जाए। विपक्ष ने राज्यों की वर्तमान हिस्सेदारी अगले 25 वर्षों तक बनाए रखने की मांग भी रखी है। साथ ही परिसीमन के कारण राज्यों और एससी-एसटी समुदायों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर सवाल उठाए हैं।
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से तीन दिसंबर तक आयोजित होना है। संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत के साथ कम से कम आधे राज्यों की विधानसभाओं की सहमति भी जरूरी होगी। ऐसे में विधेयकों को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच सहमति बनाना अहम होगा। रविवार की बैठक को दक्षिणी राज्यों के इसी रुख और आगे की साझा रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
















