वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के उमरहा में वाहन चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। शनिवार देर रात घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो को चोर लेकर फरार हो गए। रविवार सुबह वाहन गायब मिलने पर पीड़ित ने थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज स्थित तकिया निवासी नयरे ईमाम चौबेपुर क्षेत्र के उमरहा में किराये के मकान में रहते हैं। शनिवार रात उन्होंने अपनी स्कॉर्पियो घर के सामने खड़ी की और सोने चले गए। सुबह उठने पर वाहन अपनी जगह से गायब मिला। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला।
पीड़ित के घर के बगल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई तो उसमें सुबह करीब तीन बजे चोर स्कॉर्पियो लेकर जाते दिखाई दिए। फुटेज में घटना कैद होने के बाद पीड़ित ने चौबेपुर थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी और वाहन बरामद करने की मांग की।
इस संबंध में जनवार्ता प्रतिनिधि ने चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। घटना के बाद इलाके में वाहन सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता है।












