वाराणसी। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को लहरतारा-फुलवरिया पुल के नीचे पहुंचकर ट्रैफिक व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे फैले अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
मौके पर मौजूद चौकी प्रभारी और ट्रैफिक दरोगा की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए पुलिस कमिश्नर ने तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान लगाने वालों और अतिक्रमण फैलाने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सीपी मोहित अग्रवाल ने अधिकारियों को नियमित अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि आम लोगों को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके।
निरीक्षण के दौरान पुलिस और ट्रैफिक विभाग के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।









