वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के नेहिया गांव में झंडा विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया और शुक्रवार को हालात हिंसक हो गए। दो पक्षों के बीच अचानक बढ़े तनाव ने पथराव का रूप ले लिया, जिसमें एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना घायल हो गए। उनके सिर में चोट आई है और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना में एक दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी भी घायल बताए जा रहे हैं।
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर पांच थानों की फोर्स तैनात कर दी गई है ताकि हालात को काबू में रखा जा सके। डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डटे रहे। प्रशासनिक स्तर पर भी पिंडरा के एसडीएम और तहसीलदार कुलवंत सिंह ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
बताया जा रहा है कि 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के मौके पर गांव के भैरव बटुक धाम गेट पर लगाया गया झंडा विवाद की जड़ बना। आरोप है कि कुछ लोगों ने झंडे को फाड़कर जला दिया, जिससे एक पक्ष में आक्रोश फैल गया। इसके बाद विरोध प्रदर्शन और सड़क जाम हुआ।
तनाव उस समय और बढ़ गया जब भीम आर्मी और हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। पहले दिन पुलिस ने किसी तरह मामला शांत करा दिया था, लेकिन शुक्रवार को फिर से विवाद भड़क गया और पथराव शुरू हो गया।
फिलहाल गांव में हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।









