मिर्जापुर। मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बोलेरो सवार कम से कम 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना ड्रमडगंज थाना क्षेत्र के बड़का मोड़ के पास की बताई जा रही है, जहां टक्कर के बाद वाहन आग का गोला बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक का अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू ट्रक ने पहले रास्ते में चल रहे अन्य वाहनों को टक्कर मारी और फिर पीछे से बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो आगे चल रहे गिट्टी लदे ट्रक से जा भिड़ी और देखते ही देखते आग की चपेट में आ गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बोलेरो में सवार लोग बाहर निकलने का मौका तक नहीं पा सके।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तेज लपटों के कारण किसी को बचाया नहीं जा सका।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक बोलेरो में सवार सभी लोगों की जलकर मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर उनकी शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।













