वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र की मां शारदा नगर कॉलोनी में विवाहिता वंदना साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति, ससुर और देवर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई मृतका के पिता की शिकायत, गवाहों के बयान और मृत्युकालिक बयान के आधार पर की है।
पुलिस के अनुसार, मृतका के पिता दिलीप साहू ने 23 जून को सारनाथ थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री को ससुराल पक्ष द्वारा दहेज और पैसों की मांग को लेकर लगातार मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। शिकायत में मारपीट और जहर खिलाने के भी आरोप लगाए गए थे।
मामले में पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर विभिन्न धाराओं तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी दौरान गंभीर हालत में वंदना साहू को मीरापुर बसही स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान दिए गए अपने मृत्युकालिक बयान में उसने पति, ससुर और देवर पर सल्फास खिलाने का आरोप लगाया था।
उपचार के दौरान वंदना की मौत हो जाने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या से संबंधित धाराएं भी बढ़ा दीं। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों, चिकित्सकीय अभिलेखों और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने सुरेंद्र साहू (63 वर्ष), रविप्रकाश साहू (36 वर्ष) और भानू साहू (34 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपितों ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
गिरफ्तारी की कार्रवाई सारनाथ थाना पुलिस द्वारा की गई। आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।













