रायपुर। उरला थाना क्षेत्र स्थित बेंद्री डैम में पिकनिक मनाने गए तीन दोस्तों के साथ बड़ा हादसा हो गया। डैम में नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से तीनों युवक बहने लगे। स्थानीय मछुआरों की सूझबूझ से दो युवकों की जान बचा ली गई, जबकि एक युवक अब भी लापता है। उसकी तलाश के लिए एसडीआरएफ और पुलिस की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
जानकारी के अनुसार, लापता युवक की पहचान सुधांशु तिवारी (30 वर्ष), निवासी उरला के रूप में हुई है। वह अपने दोस्तों के साथ बेंद्री डैम घूमने गया था। नहाने के दौरान अचानक तेज बहाव आने से वह गहरे पानी में बह गया।
सुधांशु को बचाने के प्रयास में उसके दो साथी भी पानी में उतर गए, लेकिन वे भी बहाव में फंस गए। मौके पर मौजूद मछुआरों ने तत्काल साहस का परिचय देते हुए दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, सुधांशु का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
घटना की सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों की मदद से डैम में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी भी जुटा रही है।
उल्लेखनीय है कि पिछले एक सप्ताह के भीतर बेंद्री डैम में डूबने की यह दूसरी बड़ी घटना है। लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसों के बाद जलाशयों में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।









