मीरजापुर। जनपद में सामाजिक कार्यों के लिए सक्रिय संस्था श्री रघुवीर सेवा ट्रस्ट द्वारा भगवान परशुराम की जयंती घुरहूपट्टी स्थित कैलाशपुरी कॉलोनी में ट्रस्ट के कैंप कार्यालय पर श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। ट्रस्ट के अध्यक्ष अधिवक्ता संजय ओझा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष राजमणि दुबे ने कहा कि भगवान परशुराम ने समाज को आदर्श नीति और जीवन मूल्यों का मार्ग दिखाया है, जिस पर चलकर व्यक्ति अपने जीवन और समाज दोनों को सशक्त बना सकता है।
वहीं अध्यक्ष संजय ओझा ने अपने संबोधन में सामाजिक एकता पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में समाज में बिखराव एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने सभी से एक मंच पर आकर एकजुट होने और आपसी समन्वय बढ़ाने की अपील की, ताकि समाज को सशक्त बनाया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों और लोगों को प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर मनोज ओझा, प्रमोद कुमार सिंह, रजनीश कुमार ओझा, अश्वनी ओझा, रजनीश दुबे, सुशील कुमार दुबे सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।









