रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 13 मई से प्रदेश के कई इलाकों में अंधड़ और बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि तेज हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि कई क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। हालांकि मौसम में बदलाव के बावजूद गर्मी से राहत मिलने के आसार फिलहाल कम नजर आ रहे हैं।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले चार से पांच दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इससे उमस और गर्मी दोनों लोगों को परेशान करेंगी। दिन में तेज धूप और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी से लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
पिछले 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश में भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। कहीं तेज धूप तो कहीं अचानक बादल, बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
राजधानी रायपुर में आज मौसम साफ रहने की संभावना है, हालांकि दोपहर या शाम के समय आंशिक बादल छा सकते हैं। शहर का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों के पास खड़े न रहने की अपील की है।













