वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में मंगलवार को देव दीपावली का पर्व पारंपरिक श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बरेका स्थित सूर्य सरोवर को 20 हजार से अधिक दीपों से रोशन किया गया। दीपों की सुनहरी आभा और तिरंगे के तीनों रंगों से की गई आकर्षक विद्युत सजावट ने पूरे परिसर को भव्य और दिव्य स्वरूप प्रदान किया।
देव दीपावली के मौके पर बरेका की माताओं एवं बहनों ने सूर्य सरोवर पर हजारों दीप प्रज्वलित कर सभी के सुख, समृद्धि, खुशहाली और स्वस्थ जीवन की कामना की। इस दौरान महिलाओं ने भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति दी। दीपों की रोशनी के बीच गूंजते भक्ति गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
सूर्य सरोवर पर दीपों की मनमोहक कतारों के साथ तिरंगे के तीनों रंगों से सजी विद्युत रोशनी लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। दीपों की जगमगाहट के बीच तिरंगे की छटा ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय संस्कृति, आस्था, परंपरा और प्रकाश पर्व के महत्व को भी प्रदर्शित किया गया।
आयोजन के अगले दिन बुधवार को सूर्य सरोवर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसमें सरोवर संरक्षण क्लब, भारत स्काउट एवं गाइड, सिविल डिफेंस और सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड के सदस्य विशेष रूप से भाग लेंगे।
बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि दीपों की जगमगाहट, तिरंगे की गौरवशाली छटा और भक्तिमय वातावरण ने सूर्य सरोवर को आकर्षक एवं अविस्मरणीय स्वरूप प्रदान किया।












