, ,

5100 दीपों से जगमगाया मोहनसराय तालाब, साउंड एंड लेजर शो ने मोहा मन

वाराणसी। आराजी लाइन विकासखंड के मोहनसराय स्थित दुर्गा माता मंदिर के पास तालाब पर देव दीपावली के अवसर पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन के साथ ध्वनि एवं लेजर शो, आकर्षक आतिशबाजी और गंगा आरती ने उत्सव की रौनक बढ़ाई। इस दौरान दुर्गा माता मंदिर और तालाब के घाट पर कुल 5100 दीप जलाए गए, जिससे पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा।

तालाब के चारों ओर सजाए गए दीपों की कतारों ने मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया। गंगा आरती में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भक्तिभाव के साथ आरती में शामिल हुए। वहीं, साउंड एंड लेजर शो ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। आतिशबाजी देखने के लिए भी आसपास के गांवों से लोग जुटे। देर रात तक श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा।

आयोजन को सफल बनाने में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने के लिए ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से तैयारियां की थीं। आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया।

ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के आयोजन से गांव में एकता, आपसी सहयोग और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूती मिलती है। देव दीपावली पर आयोजित दीपोत्सव से पूरे क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने भविष्य में भी इस आयोजन को और अधिक भव्य बनाने का संकल्प लिया।

इस दौरान राजाराम यादव उर्फ लाची, दिनेश गुप्ता, नितेश यादव, रवि यादव, अनुराग यादव, अजय यादव, महेंद्र यादव, पिंटू यादव, विक्की यादव, पंकज यादव और काजू यादव सहित अन्य व्यवस्थापक उपस्थित रहे।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!