वाराणसी। देव दीपावली पर काशी के घाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। इस दौरान गंगा पार 2100 ड्रोन से आयोजित भव्य शो, चेत सिंह घाट पर 3डी प्रोजेक्शन और लेजर प्रदर्शन के साथ शिव भजनों की धुन पर हुई ग्रीन आतिशबाजी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।
पहली बार गंगा पार रेतीले क्षेत्र में 2100 मेक इन इंडिया ड्रोन की मदद से करीब 10 मिनट का विशेष शो आयोजित किया गया। इसमें आसमान में 15 अलग-अलग आकृतियां बनाकर भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, शिव तांडव, मां गंगा के अवतरण और काशी की धार्मिक विरासत को दर्शाया गया। इस दौरान श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा कालभैरव की आकृतियां भी दिखाई गईं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवियां भी आसमान में उकेरी गईं।
चेत सिंह घाट पर 25 मिनट का ‘काशी-कथा’ 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो आयोजित हुआ। ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से भगवान गणेश, शिव-पार्वती विवाह, देव दीपावली की पौराणिक मान्यता और मां गंगा की महिमा को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में करीब आठ मिनट तक लेजर शो चला।
वहीं, ललिता घाट के सामने गंगा पार रेतीले क्षेत्र में करीब 10 मिनट तक ग्रीन आतिशबाजी की गई। आयोजकों के अनुसार, इसके लिए आठ इंच के विशेष आतिशबाजी शेल्स का इस्तेमाल किया गया। शिव भजनों की धुन पर आसमान में रंग-बिरंगी आकृतियां उभरीं, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
देव दीपावली के अवसर पर घाटों और मंदिरों को फसाड लाइटिंग से सजाया गया था। इसके अलावा सड़कों पर लगे विद्युत खंभों पर तिरंगे रंग की झालरें लगाई गईं, जिससे पूरे शहर में उत्सव का आकर्षक नजारा देखने को मिला।












