रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सिलसिला तेजी से जारी है। 27 नवंबर तक प्रदेश में 5 लाख 34 हजार 798 मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है। इस दौरान 1 लाख 33 हजार 404 किसानों ने अपनी उपज बेची है। वहीं, 27 नवंबर को एक ही दिन में 90 हजार 910 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया।
राज्य सरकार के अनुसार, इस खरीफ सीजन में किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार ने किसानों को राहत देने के लिए यह भी निर्णय लिया है कि यदि कोई किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचता है, तब भी उसे कृषि उन्नति योजना के तहत 21 क्विंटल तक की शेष मात्रा के अंतर की राशि का लाभ मिलेगा। इस फैसले से कम मात्रा में धान बेचने वाले किसानों को भी लाभ मिल सकेगा।
धान खरीदी की प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने के लिए इस वर्ष 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। फिलहाल प्रदेश के 2,634 केंद्रों पर धान की आवक हो रही है। चालू खरीफ सीजन में 28 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। किसान घर बैठे ‘टोकन तुंहर हाथ’ ऐप के जरिए ऑनलाइन टोकन लेकर धान बेचने की तारीख तय कर सकते हैं।
खरीदी केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, बैठने और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उपार्जन के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो और सभी केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं लगातार उपलब्ध रहें।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की मेहनत का सम्मान करना और उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, सरल और किसान हितैषी बनाए रखने के साथ ही अधिकारियों को सभी केंद्रों का संचालन सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।












