चंदौली। जनपद की कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने और पुलिसिंग व्यवस्था में बदलाव के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। एसपी ने एक साथ 37 उपनिरीक्षकों (दरोगाओं) के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए तबादला सूची जारी की है। इस फेरबदल में कई चौकी प्रभारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं, जबकि कुछ को चौकी प्रभारी के पद से हटाकर नई तैनाती दी गई है।
जारी तबादला सूची के तहत कई नए चेहरों को चौकी और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, पहले से चौकी प्रभारी के रूप में तैनात कुछ उपनिरीक्षकों को नई जगह भेजा गया है। इस बदलाव के बाद जिले के विभिन्न थानों और चौकियों में पुलिसकर्मियों की तैनाती का समीकरण बदल गया है।
एसपी के इस फैसले के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। विभागीय स्तर पर हुए इस फेरबदल को पुलिस व्यवस्था में कसावट लाने और विभिन्न क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी नए सिरे से तय करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
फिलहाल तबादला सूची में शामिल सभी 37 उपनिरीक्षकों को अपनी नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।












