वाराणसी। छठ महापर्व, गंगा महोत्सव और देव दीपावली को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने एडीजी नवीन अरोरा और अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा के साथ नमो घाट से अस्सी घाट तक मोटरबोट से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने छठ पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, खोया-पाया केंद्र तथा वाहनों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था करने को कहा। अस्सी घाट पर महिलाओं के लिए बनाए गए चेंजिंग रूम, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। यहां व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने नगर निगम को नियमित सफाई अभियान जारी रखने और खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने का निर्देश दिया।
नमो घाट पर देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने वीवीआईपी और आम श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्मार्ट लाइटिंग, घाटों की सजावट, सांस्कृतिक मंच, बैठने की व्यवस्था और पार्किंग को लेकर संबंधित विभागों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। नावों के संचालन को व्यवस्थित बनाने के लिए कई बोर्डिंग प्वाइंट तैयार करने के साथ सेफ हाउस, टेंट, वॉशरूम और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पूजा संपन्न होने के बाद सभी विभाग देव दीपावली और गंगा महोत्सव की तैयारियों में पूरी सक्रियता से जुट जाएं, ताकि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान एडीएम सदानंद गुप्ता, एडीएम सिटी राजेश कुमार, संयुक्त निदेशक पर्यटन दिनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।












