,

चंदौली में सुभासपा को बड़ा झटका, दर्जनों पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा; ओमप्रकाश राजभर पर परिवारवाद के आरोप

चंदौली। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) में अंदरूनी कलह अब खुलकर सामने आ गई है। चंदौली और वाराणसी मंडल के दर्जनों पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पार्टी की कार्यशैली और राष्ट्रीय नेतृत्व से नाराजगी जताते हुए सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने वाले नेताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर समाज की अनदेखी, परिवारवाद और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। एक साथ बड़ी संख्या में पदाधिकारियों के पार्टी छोड़ने से संगठन में हलचल मच गई है।

पार्टी छोड़ने वालों में वाराणसी मंडल के प्रमुख महासचिव दीपक राजभर और पूर्व जिलाध्यक्ष बबलू राजभर समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं। बागी नेताओं का आरोप है कि राजभर समाज को केवल राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। उनका कहना है कि समाज की वास्तविक समस्याओं और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता नहीं दी जा रही है। नेताओं ने आरोप लगाया कि समाज के लोगों की भीड़ जुटाकर व्यक्तिगत और राजनीतिक फायदे के लिए सौदेबाजी की जा रही है, जबकि जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की आवाज अनसुनी की जा रही है।

इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों ने परिवारवाद को लेकर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष पर निशाना साधा है। उनका आरोप है कि जिन कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक मेहनत कर संगठन को मजबूत किया, उन्हें आज सम्मान और उचित जिम्मेदारी नहीं मिल रही है। बागी नेताओं का कहना है कि पार्टी नेतृत्व का ध्यान संगठन के विस्तार और कार्यकर्ताओं की समस्याओं के बजाय अपने परिवार और बच्चों को राजनीति में आगे बढ़ाने पर केंद्रित है। इससे संगठन के भीतर असंतोष बढ़ा है और कार्यकर्ता खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।

बागी पदाधिकारियों के मुताबिक, सुभासपा का गठन पिछड़े समाज के हक, सामाजिक न्याय और अधिकारों की लड़ाई के उद्देश्य से किया गया था। हालांकि, उनका आरोप है कि पार्टी अब अपने मूल उद्देश्यों से भटक गई है। जिन मुद्दों को लेकर पहले आंदोलन और संघर्ष किए जाते थे, वे अब संगठन की प्राथमिकता में नहीं रह गए हैं। नेताओं का कहना है कि समाज के बुनियादी सवालों को दरकिनार किए जाने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी लगातार बढ़ रही थी।

आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी इस्तीफा देने वाले नेताओं ने राजनीतिक चेतावनी दी है। उनका कहना है कि राजभर समाज अब जागरूक हो चुका है और आने वाले चुनाव में अपनी राजनीतिक ताकत का एहसास कराएगा। बागी पदाधिकारियों ने दावा किया कि समाज के लोग चुनाव के दौरान ओमप्रकाश राजभर को जवाब देंगे और उनकी राजनीतिक हैसियत का अहसास कराएंगे।

सामूहिक त्यागपत्र देने वालों में पूर्व जिलाध्यक्ष एवं मंत्री प्रतिनिधि बबलू राजभर, वाराणसी मंडल प्रमुख महासचिव दीपक राजभर, मंडल महासचिव रामचंद्र राजभर, मंडल संगठन मंत्री शंकर राजभर, मंडल उपाध्यक्ष संजय राजभर और अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रामाश्रय गोंड प्रमुख हैं। इनके अलावा मनीष राजभर, दीपक राम, शिवपूजन राजभर, जितेंद्र राजभर, भानु राजभर, अक्षय राजभर, वीरेंद्र राजभर, अमित राजभर, अनिल राजभर और बिंदु बाला समेत कई अन्य कार्यकर्ताओं ने भी इस्तीफा दिया है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस सामूहिक इस्तीफे के बाद संगठन में बढ़ते असंतोष को दूर करने के लिए क्या कदम उठाता है।

ब्यूरो प्रमुख- चंदौली

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Latest headlines

  1. छठ पर्व पर चंदौली में 16 नवंबर को स्कूलों में अवकाश घोषित, सभी परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालय रहेंगे बंद
  2. 8.14 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी में तीन गिरफ्तार, ‘न्यू लूडो परिवार’ समूह से नौ राज्यों के लोगों को बनाते थे निशाना
  3. गेहूं की उन्नत किस्मों के नाम बदलकर बिक्री का आरोप, कृषि शोधकर्ता ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग
  4. काशी का भव्य प्रवेश द्वार तैयार, 416.88 करोड़ से मोहनसराय-कैंट मार्ग बना मॉडल रोड
  5. नक्सली हमले में गंवाया पैर, फिर भी नहीं मानी हार; सीआरपीएफ जवान तोमन कुमार ने पैरा तीरंदाजी में जीता स्वर्ण पदक
  6. चीन के AG600 कुनलुंग विमान ने दो सेकंड में गिराया 12 टन पानी, जमीन और पानी दोनों से भर सकता है उड़ान

Follow us

error: Content is protected !!