वाराणसी। अजगरा विधानसभा क्षेत्र के चौबेपुर में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित ‘नशामुक्त भारत’ कार्यक्रम में विधायक त्रिभुवन राम शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए इससे दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और उन्हें इस दिशा में आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
विधायक त्रिभुवन राम ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करती है। स्वस्थ, सशक्त और विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए युवाओं का नशे से दूर रहना जरूरी है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की सलाह देते हुए कहा कि अपने भविष्य को बेहतर बनाने के साथ ही उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करना चाहिए।
कार्यक्रम में अध्यक्ष प्रेम शंकर तिवारी, यूथ आइकन शिवम चतुर्वेदी, डीके सिंह, हीरू सिंह, अनुसूचित मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मोहन बाबू, जिला मंत्री पिछड़ा मोर्चा अजय गुप्ता अकेला, मंडल महामंत्री मुक्ति मौर्य, मंडल उपाध्यक्ष श्वेतांक तिवारी और सोनू कन्नौजिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में बच्चे और युवा भी शामिल हुए।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।












